भोपाल/खबर डिजिटल/ समान शिक्षा के समर्थन में भोपाल में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक एकजुट हुए। समान शिक्षा जन यात्रा (saman shiksha jan samiti bhopal) के पहले चरण के समापन अवसर पर निकली विशाल यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की। बिट्टन मार्केट से शुरू हुई यात्रा का बांसखेड़ी, 10 नंबर, हरे कृष्णा मार्केट और ओल्ड कैंपियन ग्राउंड सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान सरकारी स्कूलों में समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की पहल को नागरिकों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं ने समर्थन दिया।
बिट्टन मार्केट मैदान पर यात्रा के समापन कार्यक्रम से पहले जन यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए वापस बिट्टन मार्केट पहुंची। इस दौरान शिक्षा में समान अवसर, सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने और शिक्षा व्यवस्था में समाज की सक्रिय भागीदारी को लेकर लोगों ने अपना समर्थन व्यक्त किया। यात्रा के समापन अवसर पर समान शिक्षा जन समिति के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व आईएएस समान शेखर (बी. चंद्रशेखर) ने उपस्थित जनसमूह के बीच ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ प्रस्तुत किया।

समान शेखर ने जनसंकल्प के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए शिक्षा क्षेत्र, विशेषकर सरकारी स्कूलों से जुड़ी प्रमुख चिंताओं एवं समस्याओं, शासन, शिक्षकों, अभिभावकों और समुदाय की जिम्मेदारियों तथा इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्तावित विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। जनसंकल्प में स्कूलों के विकास, शिक्षकों को शिक्षण कार्य के लिए पर्याप्त समय देने, शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं, समान अवसर और जवाबदेही जैसे विषयों पर समयबद्ध प्रस्ताव शामिल हैं।
प्रमुख पदयात्री अनिल सौहार्द्र ने समान शिक्षा जन यात्रा की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा से पहले समान शिक्षा जन समिति ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ विद्यालयों में कार्य शुरू कर बदलाव की पहल की। जन यात्रा का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए केवल समस्याओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि समाज, शिक्षकों, अभिभावकों और अन्य संबंधित पक्षों को साझा प्रयास के लिए जोड़ना है।
मां वैष्णो दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष हरिओम खटीक, शिक्षक संदर्भ समूह के संस्थापक दामोदर जैन, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. परशुराम और प्रवीण कुमार ने भी विभिन्न स्थानों पर समान शिक्षा जन यात्रा का स्वागत किया तथा सरकारी स्कूलों में समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
जनसंकल्प में समयबद्ध कार्ययोजना
जनसंकल्प में सरकारी स्कूलों के विकास के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत की गई है। इसके अंतर्गत मई 2027 तक प्रत्येक सरकारी स्कूल की तत्कालीन और दीर्घकालीन विकास योजना तैयार करने, शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक कार्यभार की समीक्षा तथा शिक्षक भर्ती से जुड़े विषयों पर कार्रवाई प्रस्तावित है।
मई 2027 से जून 2029 तक सरकारी स्कूलों में NCERT पाठ्यक्रम लागू करने और परीक्षा एवं मूल्यांकन व्यवस्था को CBSE के समान मानकों के अनुरूप विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसी अवधि में कक्षा 6 से हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विकल्प उपलब्ध कराने, इसके लिए पर्याप्त शिक्षक, कक्षाएं और शिक्षण सामग्री सुनिश्चित करने की कार्ययोजना भी शामिल है।
जुलाई 2027 तक प्रत्येक सरकारी स्कूल में पुस्तकालय विकसित करने तथा शाम 4:30 से 6:30 बजे तक विद्यार्थियों और स्थानीय युवाओं के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। सरकारी स्कूलों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर हेल्पलाइन शुरू करने की बात भी जनसंकल्प में शामिल है।
जून 2027 तक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल, विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, मध्याह्न भोजन की राशि बढ़ाने, शिक्षकों को मध्याह्न भोजन संबंधी कार्यों से पूरी तरह मुक्त करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीक के संतुलित उपयोग का प्रस्ताव रखा गया है। जून 2028 तक प्रत्येक स्कूल में खेल मैदान, पर्याप्त खेल सामग्री और विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं विकास के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई।
शिक्षक शिक्षण कार्य पर केंद्रित हों, स्कूल प्रबंधन समितियां सक्रिय बनें
जनसंकल्प में शिक्षकों को शिक्षण कार्य के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। गैर-शैक्षणिक कार्यों को शिक्षकों के समय के अधिकतम 10 प्रतिशत तक सीमित करने, शिक्षकों की मुख्य भूमिका शिक्षण बनाए रखने तथा स्कूलों में प्रशासनिक सहायकों की व्यवस्था करने का प्रस्ताव शामिल है।
स्कूल प्रबंधन समितियों (SMC) को प्रभावी बनाने, सदस्यों को उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों का प्रशिक्षण देने और स्कूल विकास योजनाओं को वास्तविक आवश्यकताओं एवं बजट से जोड़ने पर जोर दिया गया है। अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी, नियमित बैठकें, सीखने की प्रक्रिया में सहयोग तथा स्कूल की समस्याओं को सामने लाने की अपेक्षा की गई है।
समान शिक्षा के लिए जनभागीदारी और सामूहिक पहल
समान शिक्षा जन समिति सरकारी स्कूलों से समाज का जुड़ाव बढ़ाने तथा अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षाविदों और नागरिकों को साझा प्रयासों के लिए प्रेरित करेगी। स्थानीय स्तर पर समान शिक्षा टीमों का गठन, विद्यालयों की जरूरतों की पहचान, स्कूल प्रबंधन समितियों को सक्रिय करना, जनसंवाद आयोजित करना तथा शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता और सहभागिता बढ़ाना समिति के प्रमुख कार्य होंगे। समिति जनसंकल्प में प्रस्तावित कार्ययोजना के क्रियान्वयन, उसकी प्रगति की समीक्षा और सरकार एवं समाज के बीच सकारात्मक सहयोग का वातावरण बनाने के लिए भी पहल करेगी।
समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील
समान शिक्षा जन यात्रा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से सरकारी स्कूलों के साथ जुड़ने और अपनी क्षमता, समय, अनुभव एवं संसाधनों के अनुसार योगदान देने की अपील की गई। शिक्षा को केवल सरकार या शिक्षकों की जिम्मेदारी न मानकर समाज की सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
भोपाल में कार्यक्रम का संयोजन समान शिक्षा समिति के सदस्य हेमंत आर्य, डॉ. कल्पना वैद्य, प्रीति गौतम, दिनेश मेहरा, रुचि बागड़े, विश्व भूषण और रजनी पुण्यशील ने किया। समान शिक्षा जन यात्रा का मूल उद्देश्य प्रत्येक स्कूल में समान उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक बच्चे की क्षमता का विकास हो और इसी से राष्ट्र की क्षमता एवं विकास को मजबूत आधार मिले।









