हॉकी की नर्सरी भोपाल फिर दमक उठा: क्या फिर लौटेगा भोपाल की हॉकी का स्वर्णिम दौर?

भोपाल की मिट्टी ने ऐसे हॉकी खिलाड़ी तैयार किए जिन्होंने भारतीय हॉकी की प्रतिष्ठा बढ़ाई। भोपाल की गलियों और मैदानों से निकले हॉकी खिलाडिय़ों ने देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, उसी भोपाल में पहली बार एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों का जमावड़ा लगा हुआ है।

bhopal hockey
bhopal hockey
Vijay Pal

मुट्ठीभर लोगों के स्मरण में होगा कि कभी भोपाल हॉकी की नर्सरी हुआ करती थी। समय गुजरने के साथ बीते सुनहरे दिनों की यादें और बातें रह गई थी लेकिन 19 नवंबर की तारीख ने फिर से हॉकी की नर्सरी भोपाल को एक नयी पहचान देने की शुरूआत की है। मध्यप्रदेश में पहली दफा आरंभ हुए महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप में 6 देशों की खिलाड़ी मैदान में उतर रही हैं। 28 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया की छह शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड शामिल हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे हैं। जिस भोपाल शहर ने भारतीय हॉकी को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए, आज उसी शहर को एशिया की महिला हॉकी का इतना बड़ा आयोजन करने का अवसर मिला है।

भोपाल की मिट्टी ने ऐसे हॉकी खिलाड़ी तैयार किए जिन्होंने भारतीय हॉकी की प्रतिष्ठा बढ़ाई। भोपाल की गलियों और मैदानों से निकले हॉकी खिलाडिय़ों ने देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, उसी भोपाल में पहली बार एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों का जमावड़ा लगा हुआ है। यह आयोजन महज अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भोपाल की उस ऐतिहासिक हॉकी संस्कृति को पुनर्जीवित करने का अवसर है, जिसने कभी भारतीय हॉकी को अनेक सितारे दिए थे। भोपाल में अनेक स्थानीय क्लब, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी इस परंपरा को आगे बढ़ाने में जुटे रहते थे। इसी परंपरा ने भोपाल को हॉकी की नर्सरी के रूप में स्थापित किया। भोपाल की हॉकी विरासत को समृद्ध बनाने में अनेक खिलाडिय़ों का योगदान रहा है। ओलंपियन अहमद शेर खान और असलम शेर खान जैसे खिलाडिय़ों के नाम इस परंपरा के महत्वपूर्ण अध्याय हैं।

ऐतिहासिक ऐशबाग स्टेडियम

भोपाल की हॉकी की चर्चा ऐशबाग स्टेडियम के उल्लेख के बिना अधूरी है। ऐशबाग स्टेडियम केवल एक खेल मैदान नहीं, बल्कि शहर की हॉकी संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। इस मैदान ने कई पीढिय़ों के खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया। यहां राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के साथ-साथ अनेक महत्वपूर्ण हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं। कभी इस मैदान पर खिलाडिय़ों की दौड़, हॉकी स्टिक की आवाज और गोल होने पर दर्शकों का उत्साह शहर के खेल जीवन का हिस्सा हुआ करता था।

ऐशबाग स्टेडियम से भोपाल के हजारों युवाओं की खेल स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। यहां खेलने वाले अनेक खिलाडिय़ों ने आगे चलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इस मैदान ने खिलाडिय़ों को केवल खेलना ही नहीं सिखाया, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और जीत के लिए लगातार प्रयास करने की प्रेरणा भी दी। भोपाल में एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हो रहा है, तब ऐशबाग स्टेडियम की ऐतिहासिक भूमिका को याद करना आवश्यक है। पुराने मैदानों और वहां से निकले खिलाडिय़ों की मेहनत ने ही भोपाल में हॉकी के प्रति ऐसा वातावरण तैयार किया, जिसकी बदौलत आज शहर को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिल रही है।

भोपाल का नया अध्याय

भोपाल की हॉकी परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विकसित नया हॉकी स्टेडियम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस आधुनिक स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसे अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ से श्रेणी-1 की मान्यता भी प्राप्त हुई है। यह मध्यप्रदेश के खेल ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस नए स्टेडियम में एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भोपाल को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाला है। इससे भविष्य में भी बड़े हॉकी आयोजनों के लिए शहर की दावेदारी मजबूत हो सकती है।

महिला हॉकी को मिलेगा नया मंच

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले कुछ वर्षों में अपने प्रदर्शन से देश में एक नई पहचान बनाई है। भारत ने 2016, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस बार भी भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाडिय़ों की उपलब्धियों ने देश की बेटियों को हॉकी के प्रति आकर्षित किया है। भोपाल में छह देशों की महिला हॉकी टीमों का पहुंचना इस बात का संकेत है कि महिला हॉकी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें भी इस प्रतियोगिता में अपनी ताकत दिखाएंगी।

क्या फिर लौटेगा भोपाल की हॉकी का स्वर्णिम दौर?

यह सवाल आज हर उस व्यक्ति के मन में है, जिसने भोपाल की हॉकी संस्कृति को करीब से देखा है। समय गुजरने के साथ लालफीताशाही का शिकार होकर हॉकी की नर्सरी अपना वैभव खो चुकी थी किंतु इसी भोपाल के बेटे और वर्तमान में राज्य की खेल की बागडोर सम्हालने वाले मंत्री विश्वास सारंग ने हॉकी के नर्सरी की सूरत और सीरत बदलने की कोशिश की है जिसका परिणाम आने वाले समय में मिलेगा। महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप से एक उम्मीद जागी है और यह उम्मीद जमीन पर उतरती दिख रही है। यह भी उल्लेखनीय है कि भोपाल की पहचान देश-दुनिया में अनेक कारणों से रही है और उनमें एक हॉकी के कारण भी है। इस चैंपियनशिप में हमारी बेटियाँ विजय पताका फहरा कर ना केवल विजयश्री का ऐलान करेंगी बल्कि भारत के साथ भोपाल का भी नाम रोशन करेंगी।

(लेखक प्रो. मनोज कुमार, वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया शिक्षा से संबद्ध हैं)

शेयर करें:

संबंधित खबरें

और पढ़ें

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं दर्ज की परिवार की जानकारी
उत्तर प्रदेश

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं दर्ज की परिवार की जानकारी

त्रिपुरा गांव की गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में दिया बेटे को जन्म, जानिए पूरा मामला
छत्तीसगढ़

त्रिपुरा गांव की गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में दिया बेटे को जन्म, जानिए पूरा मामला

रीवा के वेंकट भवन में खुले इतिहास के रहस्य!, जानें क्यों खास है विंध्य की यह विरासत
मध्यप्रदेश

रीवा के वेंकट भवन में खुले इतिहास के रहस्य!, जानें क्यों खास है विंध्य की यह विरासत

जवा में अवैध रेत उत्खनन पर कलेक्टर सख्त, जांच और कार्रवाई के निर्देश
मध्यप्रदेश

जवा में अवैध रेत उत्खनन पर कलेक्टर सख्त, जांच और कार्रवाई के निर्देश

संजीवनी एक्सप्रेस एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए बनी मददगार, 108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, EMT आंचल साहू ने कराया प्रसव
छत्तीसगढ़

संजीवनी एक्सप्रेस एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए बनी मददगार, 108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, EMT आंचल साहू ने कराया प्रसव

MP Water Crisis: पानी कब आएगा ? ...अब हर किसी की जुबान पर यही बात, खाली बर्तन, सूखे नल और डेढ़ घंटे का चक्काजाम
मध्यप्रदेश

MP Water Crisis: पानी कब आएगा ? ...अब हर किसी की जुबान पर यही बात, खाली बर्तन, सूखे नल और डेढ़ घंटे का चक्काजाम

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 पेटी बीयर जब्त, ढाबों पर भी छापेमारी
मध्यप्रदेश

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 पेटी बीयर जब्त, ढाबों पर भी छापेमारी

अमरूद खाने के 15 बड़े फायदे: कब्ज से लेकर इम्युनिटी तक में मददगार, जानिए सेवन का सही तरीका और नुकसान
स्वास्थ्य समाचार

अमरूद खाने के 15 बड़े फायदे: कब्ज से लेकर इम्युनिटी तक में मददगार, जानिए सेवन का सही तरीका और नुकसान

बेकाबू थार ने ली युवक की जान, कार-बाइकों को रौंदा, तीन पहियों पर 2 किमी भगाने का आरोप!
मध्यप्रदेश

बेकाबू थार ने ली युवक की जान, कार-बाइकों को रौंदा, तीन पहियों पर 2 किमी भगाने का आरोप!