सोने और चांदी के दामों में नरमी का दौर शुक्रवार को भी नहीं थमा. दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 5,200 रुपये सस्ता होकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया. विदेशी बाजारों में जारी कमजोरी की वजह से निवेशकों का रुझान सुस्त बना हुआ है.
बाजार के जानकारों का कहना है कि 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने में यह लगातार नौवें कारोबारी दिन की गिरावट है. सभी करों को मिलाकर इसका भाव 5,200 रुपये फिसलकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि एक दिन पहले गुरुवार को यह 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. सोने के साथ-साथ चांदी की चमक भी फीकी पड़ी है. चांदी की कीमत में 4,000 रुपये की कमी आई और यह 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. पिछले सत्र में इसका बंद भाव 1.62 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था.
घरेलू सर्राफा बाजार की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी इन दोनों कीमती धातुओं पर दबाव साफ दिख रहा है. ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोना 38.99 डॉलर यानी करीब 1.08 प्रतिशत लुढ़ककर 3,586.32 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं, चांदी भी लगभग एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 42.62 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार करती दिखी.
निवेशकों की तरफ से लगातार हो रही मुनाफावसूली और पैसा निकालने के चलते सोना और चांदी दोनों सितंबर 2025 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं. बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, इस ताजा गिरावट ने सर्राफा निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है और फिलहाल बाजार में बिकवाली का दबाव कम होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं.









