भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में प्रभारी मंत्रियों की जिम्मेदारियों में संभावित बदलाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इंदौर में नए प्रभारी मंत्री की नियुक्ति के बाद अब सभी की निगाहें राजधानी भोपाल पर टिक गई हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि भोपाल जिले की कमान अब किस मंत्री को सौंपी जाएगी। इस जिम्मेदारी को लेकर सत्ता और संगठन के बीच मंथन की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
चर्चा में ये चार बड़े नाम
भोपाल के नए प्रभारी मंत्री की दौड़ में फिलहाल चार बड़े नाम चर्चा में हैं। इनमें उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह शामिल हैं। इन नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, अभी तक किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
अंतिम निर्णय का इंतजार
इंदौर में प्रभारी मंत्री की नियुक्ति के बाद भोपाल को लेकर बढ़ी उत्सुकता के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार राजधानी की जिम्मेदारी किस वरिष्ठ मंत्री को सौंपती है। फिलहाल चारों नेताओं के नामों पर चर्चाएं हैं और अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।









