नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ देश की राजधानी दिल्ली में संसद के विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू करने की तैयारी कर ली है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर और राज्यसभा के सभापति से 2 दिसंबर से सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। संसदीय कामकाज की जरूरत के मुताबिक दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।
विधेयक पारित कराने की तैयारी
इस बीच परिसीमन (Delimitation) बिल को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि सरकार 3 दिसंबर को इस विधेयक को पारित कराने की तैयारी में है। इसके लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कवायद भी अंतिम दौर में पहुंचने की बात कही जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों को दिए तैयारी के निर्देश
संसद की आगामी बैठकों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को 15 दिसंबर तक विदेश यात्रा से बचने और संसद के कामकाज के लिए उपलब्ध रहने को कहा है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में भी आगामी संसदीय सत्र की तैयारियों पर चर्चा हुई थी।
दो-तिहाई बहुमत के लिए विपक्षी दलों पर नजर
परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। इसी वजह से विपक्षी दलों के रुख पर भी नजर रखी जा रही है। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, बिहार की एक विपक्षी पार्टी की ओर से सकारात्मक संकेत मिलने की चर्चा है। वहीं तमिलनाडु की एक पार्टी के साथ बातचीत अंतिम चरण में होने का दावा किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश की एक प्रमुख विपक्षी पार्टी के रुख पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं। सूत्रों का दावा है कि सरकार ने दो-तिहाई बहुमत के जरूरी आंकड़े से पांच सांसद अधिक जुटाने का हिसाब तैयार कर लिया है। हालांकि, इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिसीमन बिल पर टिकी देश की नजरें
परिसीमन और महिला आरक्षण कानून को लागू करने से जुड़े प्रस्तावित विधायी बदलावों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच पहले भी टकराव देखने को मिल चुका है। ऐसे में आगामी संसदीय बैठकों में इस मुद्दे पर क्या रुख सामने आता है, यह महत्वपूर्ण होगा।फिलहाल सरकार ने दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू करने का अनुरोध किया है। परिसीमन बिल को इसी अवधि में पेश करने और पारित कराने की संभावना को लेकर चर्चाएं जारी हैं। अब देखना होगा कि सरकार अपने दावों के मुताबिक जरूरी समर्थन जुटा पाती है या विपक्ष के विरोध के चलते सदन में एक बार फिर राजनीतिक टकराव देखने को मिलता है।









