Panchayat Season 5: इस बार फुलेरा गांव में सत्ता का समीकरण बदल चुका है। पिछले सीजन में मंजू देवी चुनाव हार गई थीं और क्रांति देवी गांव की नई प्रधान बन गई हैं। अब नए सीजन में देखना दिलचस्प होगा कि क्रांति देवी और उनके पति बनराकस गांव में किस तरह काम करते हैं और पुरानी प्रधान मंजू देवी व बृजभूषण की भूमिका क्या रहती है। वहीं, सीरीज के मुख्य किरदार अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी के सामने भी एक बड़ा फैसला है। MBA की पढ़ाई के लिए वह शहर का रुख करेंगे या फुलेरा में ही रहेंगे? इसके अलावा पिछले सीजन में प्रधान जी पर हुए हमले से जुड़ी घटनाओं को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
3 दिसंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा पंचायत सीजन 5
'पंचायत सीजन 5' का आधिकारिक ट्रेलर जारी हो चुका है। दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी यह लोकप्रिय हिंदी कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज TVF (द वायरल फीवर) के बैनर तले तैयार की गई है। इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, चंदन रॉय, फैसल मलिक, संवीका, दुर्गेश कुमार, अशोक पाठक और सुनीता राजवर जैसे कलाकार नजर आएंगे। पंचायत का पांचवां सीजन 3 दिसंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।
2020 में शुरू हुई थी पंचायत की कहानी
पंचायत का पहला सीजन 3 अप्रैल 2020 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था। पहले सीजन को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसके बाद 2022 में दूसरा, 2024 में तीसरा और जून 2025 में चौथा सीजन रिलीज किया गया। चारों सीजन ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। इसी लोकप्रियता के चलते अब करीब डेढ़ साल के इंतजार के बाद इसका पांचवां सीजन दर्शकों के बीच आने जा रहा है।
बिना फूहड़ता के हंसाने का अंदाज और आम जिंदगी के किस्से हैं पंचायत की पहचान
पंचायत की सबसे बड़ी खासियत इसका सहज हास्य और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कहानी है। सीरीज में गाली-गलौज और डबल मीनिंग डायलॉग के बजाय आम परिस्थितियों से कॉमेडी पैदा की गई है। यही वजह है कि यह सीरीज परिवार के साथ देखने लायक मनोरंजन के रूप में भी पसंद की जाती है।
क्या है पंचायत Panchayat Season 5 की कहानी?
पंचायत की कहानी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके अभिषेक त्रिपाठी की है, जिसे बेहतर नौकरी का विकल्प नहीं मिलने पर उत्तर प्रदेश के काल्पनिक गांव फुलेरा में पंचायत सचिव की नौकरी मिल जाती है। अभिषेक CAT की तैयारी भी कर रहा होता है और उसका सपना MBA करके बेहतर करियर बनाने का है।
शहर से आए अभिषेक के लिए गांव का माहौल, वहां की राजनीति और रोजमर्रा की समस्याओं के बीच तालमेल बैठाना आसान नहीं होता। गांव की प्रधान मंजू देवी, उनके पति बृजभूषण, विकास, प्रह्लाद और अन्य ग्रामीणों के साथ उसकी नोकझोंक कहानी को दिलचस्प बनाती है। धीरे-धीरे अभिषेक गांव के लोगों और उनकी भावनाओं से जुड़ने लगता है।
सीरीज में ग्रामीण जीवन, स्थानीय राजनीति और रिश्तों को कॉमेडी व ड्रामा के अंदाज में दिखाया गया है। जितेंद्र कुमार के सचिव जी वाले किरदार को युवाओं के बीच खास पसंद किया गया है। वहीं, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता और बाकी कलाकारों के अभिनय ने भी सीरीज को मजबूत बनाया है।
जब PM मोदी ने स्टेज पर सुनाया 'सुनते हो ना विनोद' का डायलॉग
पंचायत के चर्चित डायलॉग 'सुन रहा है ना विनोद' और 'गजब बेइज्जती है' ने सोशल मीडिया पर खूब लोकप्रियता हासिल की। इन संवादों पर बड़ी संख्या में मीम्स भी बने और सीरीज के किरदार विनोद और बनराकस दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने में सफल रहे।
पंचायत का एक चर्चित डायलॉग उस समय भी चर्चा में आया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से 'सुनते हो ना विनोद' का जिक्र किया। इसके बाद सीरीज का यह संवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया।
पंचायत सीजन 3 ने व्यूअरशिप में बनाया रिकॉर्ड, 2024 की पहली छमाही का नंबर-1 हिंदी शो बना
पंचायत की लोकप्रियता का अंदाजा इसकी व्यूअरशिप के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है। Ormax Media की जनवरी से जून 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, पंचायत सीजन 3 को अनुमानित 2.82 करोड़ दर्शकों ने देखा था। इसके साथ ही यह 2024 की पहली छमाही में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली हिंदी वेब सीरीज बन गई थी। इसने संजय लीला भंसाली की 'हीरामंडी' (2.03 करोड़) और रोहित शेट्टी की 'इंडियन पुलिस फोर्स' (1.95 करोड़) को पीछे छोड़ दिया था।
IFFI में सम्मान से लेकर 42 देशों में टॉप-10 तक पहुंची पंचायत
वेब सीरीज पंचायत ने अपनी लोकप्रियता के साथ कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। नवंबर 2023 में इसके दूसरे सीजन को 54वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में पहला बेस्ट वेब सीरीज (OTT) अवॉर्ड मिला था। इस पुरस्कार की शुरुआत भी इसी साल हुई थी। प्रतियोगिता में 15 OTT प्लेटफॉर्म से 10 भाषाओं की 32 एंट्री शामिल हुई थीं। पंचायत 2 ने 'रॉकेट बॉयज' सहित अन्य नामांकित सीरीज को पीछे छोड़कर यह सम्मान हासिल किया।
वहीं, 23 जून 2025 को रिलीज हुए चौथे सीजन को पहले सप्ताह में 88 लाख व्यूज मिले। मेकर्स के मुताबिक, यह उस सप्ताह भारत में प्राइम वीडियो पर सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो था। रिलीज के दिन ही यह 42 से ज्यादा देशों में प्राइम वीडियो की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल रहा। लॉन्च वीक में इसे 180 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम किया गया, जबकि भारत के 95 प्रतिशत पिन कोड तक इसकी पहुंच दर्ज की गई।









