Car Price Hike: अगर आप भी नई गाड़ी खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। क्योंकि यह खबर आपको थोड़ी परेशान कर सकती है। मारुति सुजुकी के बाद अब टाटा मोटर्स और हुंडई भी 1 दिसंबर से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही हैं। हालांकि, हुंडई अपने चुनिंदा मॉडल और वेरिएंट की कीमतें बढ़ाएगी, जबकि टाटा मोटर्स अपनी सभी पैसेंजर गाड़ियों (पेट्रोल और डीजल) की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी।
इनपुट कॉस्ट महंगी होने की वजह से बढ़ेंगे दाम
कार कंपनियों का कहना है कि इनपुट कॉस्ट (Input Cost) यानी गाड़ी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य खर्चों के महंगे होने की वजह से यह फैसला लिया गया है। किसी भी गाड़ी को बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल (Raw Material) जैसे स्टील, एल्युमिनियम, कॉपर, प्लास्टिक, रबर और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स के अलावा लेबर और ट्रांसपोर्टेशन पर आने वाला कुल खर्च इनपुट कॉस्ट कहलाता है। जब इन चीजों की कीमतें बढ़ती हैं तो कंपनियों की उत्पादन लागत भी बढ़ जाती है। इसकी भरपाई के लिए कंपनियां गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी करती हैं।
1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे नए रेट
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) अपनी सभी कारों और एसयूवी, जिनमें पेट्रोल/डीजल (ICE) और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) दोनों शामिल हैं, की कीमतों में औसतन 0.5% की बढ़ोतरी करेगी। अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बढ़ोतरी की दर अलग-अलग होगी।
वहीं, हुंडई अपनी चुनिंदा पैसेंजर कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी, जिससे कुछ कारों की कीमतों में 8,000 रुपये तक का इजाफा होगा।
ऑडी की कारें भी महंगी होंगी
जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी ऑडी ने भी 1 जनवरी 2027 से अपनी कारों की कीमतों में 2% तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। ऑडी ने 24 नवंबर 2026 को जारी बयान में कहा है कि बढ़ती लागत के कारण कारों की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि उसने इस बढ़ोतरी को सीमित रखने की कोशिश की है।









