डिजिटल सुरक्षा के तमाम खतरों के बावजूद लोग आज भी अपने ऑनलाइन अकाउंट्स के लिए बेहद आसान पासवर्ड चुनते हैं. पिछले आठ सालों से NordPass की 'टॉप 200 सबसे आम पासवर्ड' रिपोर्ट इस बात पर लगातार नजर रखती आ रही है कि इंटरनेट यूजर्स पासवर्ड कैसे बनाते हैं. इस ताजा अध्ययन से साफ होता है कि सुविधा और याद रखने की आसानी के चक्कर में लोग सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं.
कैसे तैयार हुई यह लिस्ट. साल 2026 की इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए NordPass ने NordLayer Intelligence और साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञों के साथ काम किया. रिसर्च टीम ने सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच सार्वजनिक हुए डेटा ब्रीच और डार्क वेब पर लीक हुए पासवर्ड्स का गहराई से अध्ययन किया. रिपोर्ट में यह साफ किया गया है कि इस विश्लेषण के लिए किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी न तो खरीदी गई और न ही अवैध रूप से जुटाई गई.
दुनिया और भारत का हाल. कुल 44 देशों के डेटा की जांच में '12345', 'qwerty', 'password' और 'admin' जैसे बेहद साधारण शब्द सबसे आगे रहे. वैश्विक स्तर पर '123456' एक बार फिर पहले पायदान पर रहा, जिसका इस्तेमाल 72.34 लाख से अधिक लोग कर रहे हैं. इसके बाद 'admin' (44.55 लाख) और '12345678' (29.53 लाख) का नंबर आता है.
भारत की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है. देश में '123456' सबसे पसंदीदा पासवर्ड बना हुआ है, जिसे 8.72 लाख से ज्यादा भारतीय इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके बाद '12345678' और 'admin' का स्थान है. भारतीय यूजर्स की टॉप-10 सूची में 'Admin@123', 'Welcome@123' और 'admin@123' जैसे विकल्प भी शामिल हैं. पहली नजर में ये पासवर्ड स्पेशल कैरेक्टर की वजह से सुरक्षित लग सकते हैं, लेकिन इनका पैटर्न इतना घिसा-पिटा है कि हैकर्स इन्हें चंद सेकंड में क्रैक कर सकते हैं.
अपने अकाउंट को सुरक्षित कैसे रखें. अगर आप भी इनमें से किसी आसान पैटर्न का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो बिना देरी किए अपना पासवर्ड बदल लें. किसी सामान्य शब्द के आगे '@123' लगा देने भर से आपका डेटा सुरक्षित नहीं हो जाता. अपने डिजिटल अकाउंट्स को महफूज रखने के लिए इन आदतों को अपनाएं:
लंबा पासवर्ड चुनें: हमेशा कम से कम 14 से 16 कैरेक्टर का पासवर्ड सेट करें.
सही मिश्रण बनाएं: पासवर्ड में बड़े और छोटे अक्षरों के साथ-साथ अंकों और खास चिन्हों (@, #, $) का इस्तेमाल करें.
निजी जानकारी से बचें: अपने पासवर्ड में कभी भी खुद का नाम, जन्मतिथि, फोन नंबर या प्रचलित शब्दों को जगह न दें.
एक ही पासवर्ड न दोहराएं: हर प्लेटफॉर्म के लिए अलग पासवर्ड रखें, ताकि एक जगह डेटा लीक होने पर आपके बाकी अकाउंट सुरक्षित रहें.
पासवर्ड मैनेजर अपनाएं: कई जटिल पासवर्ड याद रखने के लिए किसी विश्वसनीय पासवर्ड मैनेजर का सहारा लें.
अतिरिक्त सुरक्षा जोड़ें: जहां भी विकल्प मिले, वहां टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) या पासकी (Passkey) को जरूर सक्रिय करें.









