नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ हेल्थ इंश्योरेंस लेने वाले ग्राहकों के क्लेम और उनके अधिकारों को लेकर बीमा नियामक संस्था IRDAI ने स्टार हेल्थ इंश्योरेंस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कंपनी पर हेल्थ और कोविड-19 से जुड़े बीमा क्लेम गलत आधार पर खारिज करने और पॉलिसी की शर्तों के विपरीत क्लेम राशि में कटौती करने के मामले में 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
क्लेम खारिज करने और कटौती पर उठे सवाल
कार्रवाई के दौरान सामने आया कि कुछ मामलों में कंपनी ने पॉलिसी की शर्तों के अनुरूप क्लेम का भुगतान नहीं किया। वहीं, कई ग्राहकों के क्लेम बिना उचित आधार के खारिज किए गए या उनकी स्वीकृत राशि में कटौती की गई। क्लेम रिजेक्ट करने अथवा भुगतान की रकम कम करने का स्पष्ट कारण ग्राहकों को नहीं बताने पर भी नियामक ने कंपनी को फटकार लगाई।
IRDAI के हस्तक्षेप से पॉलिसीधारकों को राहत
इस मामले में IRDAI की दखल के बाद कई पॉलिसीधारकों को उनका बकाया बीमा भुगतान मिल सका। नियामक ने कंपनी की क्लेम निपटान प्रक्रिया और ग्राहकों को दी जाने वाली जानकारी में पारदर्शिता रखने पर जोर दिया है।
अब क्लेम सेटलमेंट लेटर में देनी होगी पूरी जानकारी
IRDAI ने कंपनी को क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब क्लेम सेटलमेंट लेटर में भुगतान की गई राशि के साथ हर तरह की कटौती और डिस्काउंट का पूरा विवरण देना होगा। इससे ग्राहक समझ सकेंगे कि उनके कुल क्लेम में से कितनी राशि और किस आधार पर काटी गई है।
अस्पतालों को मिलने वाले डिस्काउंट का भी देना होगा हिसाब
निर्देशों के मुताबिक, अस्पतालों को दिए जाने वाले डिस्काउंट का लाभ भी मरीजों के अंतिम बिल में स्पष्ट रूप से दिखाना होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पताल और बीमा कंपनी के बीच होने वाली छूट का सही हिसाब पॉलिसीधारकों को मिले और क्लेम भुगतान में किसी तरह की अस्पष्टता न रहे। IRDAI की इस कार्रवाई से हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों की क्लेम सेटलमेंट प्रक्रिया में पारदर्शिता और पॉलिसीधारकों के अधिकारों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।









