चंदेरी। ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन स्मारकों, खूबसूरत पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए देश-दुनिया में पहचान रखने वाली पर्यटन नगरी चंदेरी के पर्यटन विकास की दिशा में एक अभिनव पहल देखने को मिली। विरासत सप्ताह के अवसर पर मध्य प्रदेश शासन की पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से चंदेरी में विशेष जॉय राइड का आयोजन किया गया। इस पहल ने न केवल लोगों को आसमान से ऐतिहासिक नगरी की खूबसूरती निहारने का अवसर दिया, बल्कि चंदेरी के पर्यटन को नए आयाम देने की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन विभाग, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिला प्रशासन अशोकनगर, स्थानीय प्रशासन चंदेरी तथा पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन करने वाली जेट सर्व एविएशन एवं फ्लाई ओला के संयुक्त आयोजन में रविवार को चंदेरी हेलीपैड से दो जॉय राइड कराई गईं। पहली राइड में छह यात्रियों ने हेलीकॉप्टर से चंदेरी का हवाई भ्रमण किया, जबकि दूसरी राइड में चार स्कूली बच्चों को ऐतिहासिक नगरी का आकाशीय नजारा देखने का रोमांचक अवसर मिला।

बच्चों के लिए यादगार बना आसमान से चंदेरी देखने का अनुभव
इस विशेष आयोजन में कु. सुब्हाना पठान, कु. विजेता बुंदेला, मयंक प्रजापति और आदित्य ओझा ने हेलीकॉप्टर में बैठकर चंदेरी को आसमान से देखा। बच्चों के लिए यह अनुभव किसी रोमांचक सपने के साकार होने जैसा रहा। सामान्यतः जमीन से दिखाई देने वाली चंदेरी की ऐतिहासिक इमारतें, पहाड़ियां और प्राकृतिक छटा जब आसमान से नजर आईं तो बच्चों के उत्साह और रोमांच का ठिकाना नहीं रहा।
पर्यटन, इतिहास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों ने भी भरी उड़ान
जॉय राइड में चंदेरी के पर्यटन विकास के लिए सक्रिय मजीद खान पठान, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. योगेश मिश्रा, पर्यटक गाइड मुजफ्फर अंसारी उर्फ कल्ले भाई, पर्यटक मित्र मनोज सोनी, इतिहासकार हेमंत दुबे तथा सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ऋषि सेंगर ने भी सहभागिता की। सभी ने हेलीकॉप्टर से चंदेरी के ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया तथा इस अनूठे अनुभव को कैमरे में कैद किया।
इस आयोजन के दौरान अनुविभागीय अधिकारी मनीष धनगर, नायब तहसीलदार सुश्री हिमांशी गुप्ता, पर्यटन विभाग के चंदेरी प्रबंधक अभिषेक पांडे, शहर पटवारी मुकेश जाटव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, बच्चों के अभिभावक और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

पर्यटन विकास के साथ स्थानीय लोगों को जोड़ने की पहल
विरासत सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस जॉय राइड की विशेषता यह रही कि इसमें केवल पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों को भी शामिल किया गया। इससे पर्यटन विकास की अवधारणा को जनभागीदारी से जोड़ने का सकारात्मक संदेश गया। चंदेरी जैसे ऐतिहासिक नगर में पर्यटन केवल स्मारकों के भ्रमण तक सीमित न रहकर प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और नए अनुभवों के माध्यम से भी विकसित हो सकता है।
जॉय राइड में शामिल सभी लोगों ने मध्य प्रदेश शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उनका मानना था कि इस तरह के आयोजन चंदेरी की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
चंदेरी के पर्यटन को मिले स्थायी उड़ान, यही नगरवासियों की अपेक्षा
इस आयोजन के बाद नगरवासियों और पर्यटन से जुड़े लोगों की अपेक्षा है कि शासन तथा हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करने वाली फ्लाई ओला कंपनी भविष्य में भी चंदेरी के पर्यटन विकास के लिए ऐसे नवाचार जारी रखे। विशेष रूप से चंदेरी की उपलब्धियां बढ़ाने वाले प्रतिभाशाली लोगों, महिलाओं, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और चंदेरी की विश्वप्रसिद्ध साड़ी के बुनकरों को भी इस तरह के अवसर प्रदान किए जाएं।

चंदेरी की पहचान केवल उसके किलों, बावड़ियों, प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की बुनकरी कला, प्राकृतिक संपदा और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं भी इसकी विशिष्ट पहचान हैं। यदि इन सभी पहलुओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाए तो स्थानीय लोगों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही चंदेरी को पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित किया जा सकता है।
विरासत सप्ताह के अवसर पर हुई यह जॉय राइड भले ही कुछ लोगों के लिए आसमान की एक छोटी-सी सैर रही हो, लेकिन चंदेरी के पर्यटन विकास की दृष्टि से यह एक सकारात्मक संदेश देने वाली पहल है। जरूरत है कि ऐसे आयोजन केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें चंदेरी के पर्यटन विकास की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा बनाया जाए, ताकि चंदेरी की विरासत को देखने के लिए देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को नए अनुभव मिलें और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी विकसित हों।
चंदेरी की विरासत जितनी गौरवशाली है, उसके पर्यटन का भविष्य भी उतना ही संभावनाओं से भरा है। जरूरत बस इतनी है कि इन संभावनाओं को सही दिशा और निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे।









