चंदेरी। नगर के विश्व प्रसिद्ध चौबीसी जैन मंदिर में रविवार को आचार्य गुरुवर 108 श्री समयसागर महाराज की परम प्रभावक शिष्या गुरु मां 105 श्री अपूर्वमति माताजी एवं 105 श्री अनुत्तरमति माताजी का पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ सानंद संपन्न हुआ।
जैन धर्म में पिच्छिका परिवर्तन का विशेष आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व है। पिच्छिका जैन साधु-संतों के अहिंसा, अपरिग्रह और जीव दया के सिद्धांतों का प्रतीक मानी जाती है। इसके माध्यम से साधु-संत अपने संयमित जीवन और सूक्ष्म जीवों की रक्षा के संकल्प को निरंतर निभाते हैं। पिच्छिका परिवर्तन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, संयम और आत्मकल्याण की भावना को आत्मसात करने का अवसर भी है।

समारोह के दौरान प्राणपुर जैन समाज में विराजमान मुनि श्री 108 विशोकसागर जी महाराज का आशीर्वाद एवं सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर गुरु मां अपूर्वमति माताजी की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य अंकित जैन, पूजा जैन सिंघई परिवार को प्राप्त हुआ, वहीं अनुत्तरमति माताजी की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य आशीष जैन एवं हेमा जैन कठरया परिवार को मिला।
कार्यक्रम में मुंगावली, ललितपुर, सेहराई, ईसागढ़, अशोकनगर, प्राणपुर, बामोर एवं खनियाधाना सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने गुरु मां के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर धर्मलाभ लिया।
पिच्छिका परिवर्तन समारोह का संपूर्ण आयोजन ब्रह्मचारी संजीव कटंगी के निर्देशन एवं सानिध्य में संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन के उपरांत सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया।
समूचा आयोजन श्रद्धा, भक्ति, अहिंसा और जैन धर्म के मूल सिद्धांतों के प्रति समर्पण का संदेश देता नजर आया।









