डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव। शालेय खेल कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग (बालक एवं बालिका) की 70वीं शालेय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो एवं कराते प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार, 23 नवंबर 2026 को डिंडौरी जिले के नरिया स्थित सांदीपनि विद्यालय में होने जा रहा है।
चार दिनों तक चलने वाली यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 26 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों से आने वाले युवा खिलाड़ी अपनी ताकत, फुर्ती और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।

लगभग 500 प्रतिभागियों और 36 ऑफिशियल्स की मौजूदगी में होंगे मुकाबले
आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और खेल भावना के अनुरूप संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और खेल विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यह आयोजन कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन तथा सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार जाटव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
जिला क्रीड़ा प्रभारी अधिकारी पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के सभी संभागों से लगभग 500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, मैनेजर एवं ऑफिशियल्स शामिल होंगे। बालक और बालिका दोनों वर्गों में ताइक्वांडो तथा कराते की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
मुकाबलों को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा कराते के लिए 17 और ताइक्वांडो के लिए 19 ऑफिशियल्स नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा प्रतियोगिता के दौरान भोपाल से फील्ड ऑफिसर डी.एस. धुर्वे भी उपस्थित रहेंगे।
चयन प्रतियोगिता में 250 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
राज्य स्तरीय मुख्य स्पर्धा से पहले 21 एवं 22 नवंबर को विभागीय राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस चयन स्पर्धा में जनजातीय जिलों मंडला, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, अनूपपुर, सीधी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, बैतूल एवं नर्मदापुरम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 250 खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
चयन प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपने तकनीकी कौशल, संतुलन और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विधा विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और तकनीकी दक्षता के आधार पर जनजातीय कार्य विभाग की राज्य स्तरीय टीम का चयन किया।
डिंडौरी में खेल गतिविधियों को मिलेगी नई ऊर्जा
जनजातीय बाहुल्य डिंडौरी जिले में इस स्तर की शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय युवाओं और स्कूली खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। प्रदेशभर से आने वाले खिलाड़ियों, अनुभवी प्रशिक्षकों और ऑफिशियल्स की मौजूदगी से जिले में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा तथा उभरती हुई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।









