इंदौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के इंदौर में महापौर सचिवालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। गुरुवार शाम बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की टीम महापौर सचिवालय पहुंची और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के मुताबिक, बीडीएस की टीम ने सचिवालय के कोने-कोने की बारीकी से जांच की। इस अभियान में बम एस्कॉर्ट टीम और डॉग स्क्वॉड भी शामिल रहे। सुरक्षा टीमों ने परिसर के सभी हिस्सों की तलाशी लेकर किसी भी संदिग्ध वस्तु की जांच की।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले धमकियों का सिलसिला
इंदौर में 15 नवंबर को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इससे पहले शहर में अलग-अलग जगहों को लेकर मिल रही बम धमकियों ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। महापौर कार्यालय को भी लगातार धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच जारी
धमकी मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। महापौर सचिवालय में सर्चिंग अभियान के दौरान हर जगह की बारीकी से जांच की गई। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं।









