भोपाल/खबर डिजिटल/ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) इंदौर महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अभी भोपाल में कोई चर्चा नहीं हुई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन स्तर पर इस संबंध में अंतिम निर्णय 15 नवंबर के बाद होने वाली बैठक में लिया जाएगा। ऐसे में सोशल मीडिया पर अध्यक्ष और महामंत्री के नामों को लेकर चल रही चर्चाओं को फिलहाल आधारहीन माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इंदौर महानगर अध्यक्ष के नाम पर फैसला लेने के लिए 15 नवंबर के बाद बैठक प्रस्तावित है। इसी बैठक के बाद नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल संगठन के जिम्मेदार नेताओं ने किसी भी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगाई है।
13 जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री की सूची तैयार
दूसरी ओर, प्रदेश के 13 अन्य जिलों में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष और महामंत्री पदों के लिए सूची तैयार कर ली गई है। हालांकि, इन नामों पर अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है। संगठन के स्तर पर औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ही नियुक्तियों की घोषणा की जाएगी।
सोशल मीडिया पर चल रहे नामों से बचने की अपील
इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने अपनी ओर से ही अध्यक्ष और महामंत्री पदों के लिए नाम जारी करना शुरू कर दिया है। इन पोस्ट में कुछ नामों को तय बताते हुए प्रचारित किया जा रहा है, जबकि संगठन के स्तर पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। ऐसे में कार्यकर्ताओं से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने और आधिकारिक घोषणा का इंतजार करने की अपील की जा रही है।









