स्पोर्ट्स डेस्क/खबर डिजिटल/ भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। अब खिताब के लिए 14 नवंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। क्रिकेट प्रशंसकों को एक बार फिर दोनों देशों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी।
इस तरह फाइनल में पहुंची टीमें
गुरुवार को ओमान के मस्कट में खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
पिछली बार पाकिस्तान ने भारत को दी थी शिकस्त
भारत और पाकिस्तान की टीमें पिछली बार भी अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने थीं। उस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारतीय टीम को 191 रन के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में इस बार भारतीय टीम के पास पिछली हार का हिसाब बराबर करने और एशिया कप की ट्रॉफी जीतने का मौका होगा।
14 नवंबर को होगा खिताबी मुकाबला
अब सभी की निगाहें 14 नवंबर को होने वाले फाइनल पर टिकी हैं। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई है। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले में एशिया कप का खिताब दांव पर रहेगा।









