नीमच/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच जिले के मनासा दौरे के दौरान एक भावुक कर देने वाला घटनाक्रम सामने आया। यहां 21 वर्षीय युवती मुख्यमंत्री की कार के सामने पहुंच गई और रोते-बिलखते हुए उनसे मुलाकात कर अपनी समस्या बताने की गुहार लगाने लगी। युवती लगातार न्याय की मांग करती रही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षा घेरे से दूर कर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ गया और युवती उनसे मिल नहीं सकी।
करीब की तहसील की रहने वाली है युवती
जानकारी के मुताबिक, कुकड़ेश्वर निवासी 21 वर्षीय नेहा माली अपने परिवार से जुड़ी परेशानी लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने हाथ से इशारा कर युवती को अपने पास बुलाने की कोशिश भी की, लेकिन इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उसे वहां से हटा दिया। युवती काफी देर तक मुख्यमंत्री से मिलने की गुहार लगाती रही, लेकिन उसकी मुलाकात नहीं हो सकी।
पिता की मौत के बाद मां ने भी छोड़ा साथ
नेहा माली के मुताबिक, उसके पिता की मौत के बाद मां भी उसे और उसकी छोटी बहन को छोड़कर चली गईं। इसके बाद दोनों बहनें अपने पिता के मकान में रहने लगीं। नेहा का आरोप है कि अब उनके रिश्तेदार दोनों बहनों को पिता के मकान से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं।
क्या बच्ची को मिलेगी राहत?
इसी परेशानी को लेकर नेहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलकर अपनी बात रखना चाहती थी, ताकि उसे और उसकी छोटी बहन को न्याय मिल सके। मुख्यमंत्री के मनासा दौरे के दौरान वह उनसे मिलने पहुंची, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते मुलाकात नहीं हो पाई। अब देखना होगा कि युवती की शिकायत प्रशासन तक पहुंचती है या नहीं और उसे इस मामले में कब तक राहत मिलती है।









