जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को पुलिस विभाग के युवा अधिकारी की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मनोज आर्यन के रूप में हुई है। वह डोडा में जिला सशस्त्र रिजर्व (DAR) के DSP के रूप में अपना नया कार्यभार संभालने जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
कश्मीर न्यूज ऑब्जर्वर (KNO) के अनुसार, आर्यन किश्तवाड़ जिले के बेगाना गांव के निवासी थे। वह बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे बेओली से डोडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC), डोडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
DAR डोडा में संभालने वाले थे नई जिम्मेदारी
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, मनोज आर्यन जिला सशस्त्र रिजर्व (DAR) में तैनात थे और संदिग्ध कार्डियक अरेस्ट के कारण उनकी मौत हुई। वहीं, UNI ने भी पुलिस अधिकारी की अचानक तबीयत बिगड़ने और GMC अस्पताल में निधन की पुष्टि की है।
KNO की रिपोर्ट के अनुसार, आर्यन इससे पहले बेओली स्थित इंडियन रिजर्व पुलिस (IRP) की 5वीं बटालियन में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला DSP, जिला सशस्त्र रिजर्व (DAR), डोडा के पद पर हुआ था। बुधवार को उन्हें नई जिम्मेदारी संभालनी थी।
युवाओं में अचानक मौत पर ICMR की स्टडी
देश में 18 से 45 वर्ष के लोगों की अचानक मौत के मामलों को लेकर ICMR की एक स्टडी में 19 राज्यों के 47 अस्पतालों से 729 मामलों का विश्लेषण किया गया। अध्ययन में पारिवारिक इतिहास, पहले कोविड के कारण अस्पताल में भर्ती होने और कुछ जीवनशैली संबंधी कारकों को अचानक मौत की आशंका से जुड़ा पाया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी 27 मार्च 2026 को लोकसभा में दी थी।
उनके निधन पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, विपक्ष के नेता सुनील शर्मा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) सहित कई राजनीतिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी उनके असामयिक निधन पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।









