अमेठी/खबर डिजिटल/ उत्तर प्रदेश के अमेठी के महाराज एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह और भाजपा नेत्री डॉ. अमिता सिंह की ओर से दीपावली के अवसर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अमेठी के लोगों को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर, दीपावली की शुभकामनाएं और आगामी कार्यक्रम (अमेठी के महाराज के जन्मदिन) के आमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं।
अमिता सिंह ने की फोन पर बात
इसी क्रम में अमेठी, भेटुआ ब्लाक, ग्राम नौगिरवा के निवासी समाजसेवी विजयपाल शुक्ला से डॉ. अमिता सिंह ने फोन पर सीधे बातचीत की। उन्होंने गांव और क्षेत्र के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम की प्रतिमा और आमंत्रण पत्र भेंट किए जाने की जानकारी दी। साथ ही सभी को 12 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

वहीं, भेटुआ ब्लॉक के नौगिरवा गांव के ग्राम प्रधान ईश्वर यादव ने भी जनसंपर्क अभियान के तहत कश्यप, विश्वकर्मा और क्षत्रिय समाज के लोगों के बीच भगवान श्रीराम की प्रतिमाएं और आमंत्रण पत्र वितरित किए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 12 नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने की अपील की।
12 नवंबर को है अमेठी के महाराज डॉ. संजय सिंह का जन्मदिन
गौरतलब है कि 12 नवंबर को अमेठी के महाराज डॉ. संजय सिंह के जन्मदिन के अवसर पर 'कर्मयोगी सम्मान समारोह' का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे अमेठी के रामनगर स्थित 'संतुष्टि' कार्यालय में आयोजित होगा। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और आमजन को आमंत्रित किया गया है।









