भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में आम जनता की शिकायतों के निराकरण को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है। सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के समाधान में देरी तथा लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट किया कि अब इस तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
'समाधान ऑनलाइन' कार्यक्रम
हरदा में आयोजित 'समाधान ऑनलाइन' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लंबित शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि तय अवधि में शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर अर्थदंड लगाया जाएगा।
अधिकारी की तय होगी व्यक्तिगत जवाबदेही
डॉ. मोहन यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जवाबदेही तय होगी। सरकार का उद्देश्य है कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता तथा जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए।








