उज्जैन। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बुधवार सुबह पांच भारतीय क्रिकेटर दर्शन के लिए पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नीतीश राणा, युजवेंद्र चहल, राहुल तेवतिया, सुमित कुमार और अमित कुमार ने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
दो घंटे नंदी हॉल में बैठकर किए दर्शन
बताया गया है कि सभी खिलाड़ी सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे। वे दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठे और भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान सभी भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़कर बाबा को नमन किया और जाप करते रहे।
आरती के बाद लिया आशीर्वाद
आरती पूरी होने के बाद खिलाड़ियों ने मंदिर की देहरी से भगवान का आशीर्वाद लिया। पुजारियों के जरिए उन्होंने बाबा को जल भी चढ़ाया।
मंदिर समिति ने किया सम्मान
दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। इस दौरान एक खिलाड़ी ने कहा कि वे पहले भी कई बार महाकाल के दर्शन करने आ चुके हैं। उनके मुताबिक जब भी वे किसी परेशानी में होते हैं, तो भगवान के दरबार में नमन करने आ जाते हैं।









