संतोष बन्देवार, कान्हीवाड़ा। रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। भीमगढ़ दायीं तट मुख्य नहर में पानी छोड़े करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन जल संसाधन विभाग के कान्हीवाड़ा उपसंभाग अंतर्गत संचालित कान्हीवाड़ा लिफ्ट इरीगेशन योजना अब तक शुरू नहीं हो सकी है। इसके चलते क्षेत्र के चार गांवों के किसान खेतों तक पानी पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार लिफ्ट इरीगेशन योजना बंद होने से कामता, कान्हीवाड़ा, रमपुरी एवं सालईटोला के करीब 250 किसानों की लगभग 250 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। वर्तमान में रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई का काम चल रहा है। ऐसे में समय पर पानी उपलब्ध नहीं होने से फसलों की बुवाई और उत्पादन को लेकर किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।
आश्वासन मिल रहे, समस्या का समाधान नहीं
किसानों का कहना है कि मुख्य नहर में पानी उपलब्ध होने के बावजूद लिफ्ट इरीगेशन योजना चालू नहीं होने से उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसान लगातार जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर खेतों तक पानी पहुंचाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन दिया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जल्द योजना शुरू करने की मांग
किसान गोवर्धन कुर्वेती, जनपद सदस्य इंद्रकुमार जंघेला एवं किसान देवीप्रसाद चंद्रवंशी ने विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए कान्हीवाड़ा लिफ्ट इरीगेशन योजना शुरू कराई जाए, ताकि चारों गांवों के किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिल सके। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो रबी फसलों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है।









