गुना। मध्य प्रदेश के गुना में एक सरकारी स्कूल की 12वीं की छात्रा ने अपने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि शिक्षक उसे व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक मैसेज भेजता था और अकेले मिलने के लिए दबाव बनाता था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।
मैसेज भेजने और दबाव बनाने का आरोप
शिकायत के अनुसार शिक्षक काफी समय से छात्रा को व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेज रहा था। आरोप है कि वह छात्रा को अकेले मिलने और बाहर घूमने चलने के लिए कहता था।
नंबर काटने की धमकी का आरोप
छात्रा का आरोप है कि विरोध करने पर शिक्षक उसे परीक्षा में कम नंबर देने और पढ़ाई में नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था। उसके मुताबिक शिक्षक कहता था कि स्कूल में सब कुछ उसके हाथ में है। लगातार धमकियों से छात्रा तनाव में आ गई थी।
मां ने की शिकायत
आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पूरी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद मां ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, स्कूल प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। छात्रा ने यह आशंका भी जताई है कि आरोपी अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसा कर सकता है, लेकिन बदनामी और नंबर कटने के डर से वे सामने नहीं आ पातीं।
स्कूल में अलग जगह बनाने का भी आरोप
छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि शिक्षक ने स्कूल परिसर में पर्दा लगाकर एक अलग जगह बना रखी थी, जहां बैठकर बात करने के लिए वह दबाव डालता था।
प्रिंसिपल और पुलिस का पक्ष
स्कूल के प्राचार्य के अनुसार छात्रा अपनी मां के साथ शिकायत लेकर आई थी और उसने व्हाट्सएप चैट की कॉपी भी दी है। शिकायत को जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की शिकायत और उपलब्ध चैट के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
विद्यार्थी परिषद ने सौंपा ज्ञापन
मामला सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्कूल प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









