आलीराजपुर। जिले के आदिवासी अंचल में आस्था, परंपरा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। सरवा के समीप ग्राम झिझनी स्थित प्राचीन बाबा ईश्वर शिव मंदिर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। घने जंगलों और प्राकृतिक वादियों के बीच स्थित मंदिर में दर्शन, प्रसादी और पारंपरिक खानपान का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
महोत्सव में भगवान बाबा ईश्वर को अन्नकूट अर्पित कर भक्तों ने पूजा-अर्चना की। आयोजन की खास पहचान रही अकोट की पारंपरिक प्रसादी और चूल्हे पर तैयार मक्के व बाजरे की देसी रोटियां, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। मिट्टी के चूल्हे पर पारंपरिक तरीके से बनी रोटियों की खुशबू और स्वाद ने ग्रामीण संस्कृति की याद ताजा कर दी। श्रद्धालुओं ने प्रेम और श्रद्धा के साथ प्रसादी ग्रहण की।
घने जंगलों के बीच विराजमान बाबा ईश्वर मंदिर को क्षेत्र के आदिवासी समाज और आसपास के गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां दूर-दराज के ग्रामीण भी अपनी श्रद्धा लेकर दर्शन करने पहुंचते हैं।
अन्नकूट महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने आदिवासी अंचल की लोक संस्कृति, सामूहिक सहभागिता, पारंपरिक भोजन और पुरानी रीति-रिवाजों को भी करीब से देखने का अवसर दिया। प्राकृतिक परिवेश में आयोजित इस उत्सव ने ग्रामीण परंपराओं और आस्था की जीवंत तस्वीर पेश की।
बाबा ईश्वर मंदिर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव ने एक बार फिर संदेश दिया कि आदिवासी अंचल की पहचान केवल उसकी प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि उसकी गहरी आस्था, परंपराएं और मिट्टी से जुड़ी संस्कृति भी है।









