भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश पुलिस को जल्द ही अपना आधिकारिक प्रवक्ता मिलने जा रहा है। उप पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा) तरुण नायक को पुलिस विभाग का प्रवक्ता बनाया गया है। अब वे पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी और पक्ष मीडिया के सामने रखेंगे।
पीएचक्यू में हुई थी बैठक
दरअसल, कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की थी। बैठक में उन्होंने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए थे कि विभाग की ओर से मीडिया के सामने आधिकारिक पक्ष रखने के लिए जल्द ही एक प्रवक्ता नियुक्त किया जाए।
महत्वपूर्ण जानकारियों करेंगे साझा
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर इस दिशा में कदम उठाया गया है। तरुण नायक को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद अब पुलिस विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां, आधिकारिक बयान और कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में विभाग का पक्ष उनके माध्यम से सामने आएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस विभाग और मीडिया के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा महत्वपूर्ण घटनाओं और विभागीय फैसलों को लेकर आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।









