भोपाल । रायसेन रोड स्थित अतिथि रेस्टोरेंट में रविवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र व छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार रामकृष्ण डोंगरे को ग्रामीण पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'गोपीनाथ कालभोर संस्कृति/पत्रकारिता सम्मान' से सम्मानित किया गया।
सुखवाड़ा संस्कृति संस्थान, भोपाल एवं राष्ट्रीय भर्तृहरि विक्रम भोज पुरस्कार समिति की ओर से आठवां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में रामकृष्ण डोंगरे को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और सम्मान राशि प्रदान की गई। वे दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। छिंदवाड़ा, भोपाल और नोएडा में सेवाएं देने के बाद इन दिनों रायपुर में कार्यरत हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय रायपुर के पूर्व कुलपति डा मानसिंह परमार थे। इस अवसर पर सतपुड़ा संस्कृति संस्थान के प्रमुख व समाजसेवी वल्लभ डोंगरे, विशिष्ट अतिथि छिंदवाड़ा की प्रोफेसर डा. टीकमणि पटवारी, कृषि विज्ञान केंद्र छिंदवाड़ा के पूर्व निदेशक डा विजय कुमार पराड़कर, भेल भोपाल के पूर्व डायरेक्टर एसएन डागा आदि उपस्थित रहे। समारोह में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और कार्यों से पहचान बनाने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
छिंदवाड़ा जिले के ग्राम तंसरामाल में जन्मे रामकृष्ण ने पीजी कालेज, छिंदवाड़ा से हिंदी में एमए, डीडीसी कालेज से बीए और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त की। कालेज जीवन से ही साहित्य के प्रति उनकी गहरी रुचि रही है। कविता, संस्मरण और डायरी लेखन उनके प्रिय क्षेत्र हैं। वे इन दिनों नईदुनिया रायपुर में इनपुट एडिटर के तौर पर कार्यरत है।









