अगर आप इन दिनों सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए वाकई राहत की खबर है। इन दोनों कीमती धातुओं के भाव लगातार नीचे आ रहे हैं, जिससे ग्राहकों की जेब पर थोड़ा बोझ कम हुआ है। 18 नवंबर को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर सोने के दाम 2,812 रुपये लुढ़ककर 1,31,411 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए। वहीं अगर चांदी की बात करें तो इसमें भी बड़ी गिरावट देखने को मिली और यह 5,705 रुपये सस्ती होकर 1,63,997 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार के कमजोर संकेतों और भारतीय रुपये में आई मजबूती की वजह से दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी लगातार छठे दिन सोने के भाव गिरे। मंगलवार को राजधानी में सोना 1,400 रुपये सस्ता होकर 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता दिखा। दूसरी तरफ चांदी में तो मानों भूचाल आ गया और यह सीधे पांच फीसदी गोता लगाकर 1.69 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर सिमट गई, जो इसका पिछले एक साल का सबसे निचला स्तर है।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के आंकड़ों के मुताबिक 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,400 रुपये घटकर 1,38,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) पर बंद हुआ, जबकि इससे पिछले दिन यह 1.40 लाख रुपये पर था। अगर पिछले कुछ दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो नौ नवंबर के बाद से अब तक सोने की कीमत में 8,300 रुपये यानी करीब छह प्रतिशत की कमी आ चुकी है।
चांदी की बिकवाली में भी जबरदस्त तेजी रही। यह एक झटके में 9,500 रुपये या 5.3 प्रतिशत सस्ती होकर 1,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। एक दिन पहले ही यह 1.79 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, लेकिन अब इसके दाम पिछले एक साल के सबसे निचले पायदान पर पहुंच गए हैं। बाजार जानकारों का मानना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए खरीदारों के लिए यह एक अच्छा मौका साबित हो सकता है।









