खबर digital News रिपोर्टर /कटनी-- शादी की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि एक बेलगाम ट्रक ने पलभर में पूरा मंजर बदल दिया। कटनी जिले के जुहला-सुर्खी टैंक मोड़ के पास विदाई के बाद अपने घर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसी भीषण टक्कर मारी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के बेनीबारी गांव से विवाह संपन्न होने के बाद दूल्हा-दुल्हन अपने परिजनों के साथ दमोह जिले के हटा क्षेत्र स्थित ग्राम हरदीटोला लौट रहे थे। जुहला-सुर्खी टैंक मोड़ के पास बोलेरो कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुकी ही थी कि पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उसे पूरी ताकत से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो बुरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें बैठे लोग चीखते-चिल्लाते रह गए।
हादसे की गूंज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कटनी भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घायलों में दूल्हा रामा बंजारा (23 वर्ष), दुल्हन लीला बंजारा (25 वर्ष), काढा बंजारा, चन्नू बंजारा और एक अन्य परिजन शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। एनकेजे थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट









