MP IPS Transfer: मध्य प्रदेश कैडर के दो IPS अधिकारियों को प्रशासनिक स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एक तरफ जहां अपनी क्षमता के लिए देश भर में मशहूर महिला आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद को निमाड़ रेंज का नया DIG नियुक्त किया गया है, वहीं निमाड़ रेंज के मौजूदा डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली CBI रवानगी हो गई है।
कौन हैं IPS सिमाला प्रसाद?
2011 बैच की आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद को आज जारी सरकारी आदेश के तहत निमाड़ रेंज की सुरक्षा का पूरा जिम्मा सौंपा गया है। भोपाल के प्रतिष्ठित और शिक्षित परिवार में जन्मी सिमाला के पिता भगीरथ प्रसाद पूर्व IAS अधिकारी व देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं, जबकि उनकी माता मेहरून्निसा परवेज देश की जानी-मानी हिंदी लेखिका हैं। सिमाला ने अपने पहले ही प्रयास में सिविल सर्विस परीक्षा क्रैक की थी। वे बैतूल एसपी, रेल एसपी जबलपुर और SAF की कमांडेंट रह चुकी हैं। मई 2026 में प्रमोशन के बाद वे DIG महिला सुरक्षा के पद पर थीं।
बॉलीवुड में भी रहा जलवा
इसके अलावा सिमाला प्रसाद फिल्म जगत का भी एक जाना-माना चेहरा हैं। वे अलीफ (2017) और नक्काश (2019) जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। इसी साल 2026 में रिलीज हुई उनकी फिल्म द नर्मदा स्टोरी काफी चर्चा में रही है।
दिल्ली बुलाए गए IPS सिद्धार्थ बहुगुणा
वही दूसरी ओर, मध्य प्रदेश पुलिस के सबसे काबिल और कड़क अफसरों में शुमार 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्धार्थ बहुगुणा अब देश की CBI में अपनी सेवाएं देंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सिद्धार्थ बहुगुणा को 5 वर्षों के लिए या अगले आदेश तक CBI में DIG के पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई है। खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जैसे जिलों में डीआईजी रहते हुए उन्होंने सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और अपराधों की कमर तोड़ने में बड़ी भूमिका निभाई थी। अब वे दिल्ली में देश के बड़े घोटालों, भ्रष्टाचार और आपराधिक मामलों की कमान संभालेंगे।









