MP Congress: मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और गुटबाजी खत्म करने के लिए आलाकमान के निर्देश पर बड़ा कदम उठाए जाने शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम ने एक बड़ा फैसला लेते हुए पार्टी के खिलाफ काम करने वाले दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। जिन दो चेहरों पर संगठन की यह गाज गिरी है, उनमें ग्राम बिरमावल के संजय रावल और ग्राम डेलनपुर के गौरव पोरवाल शामिल हैं। इन दोनों ही कार्यकर्ताओं पर पिछले काफी समय से सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर कांग्रेस विरोधी माहौल बनाने के आरोप लगे थे।
जिलाध्यक्ष का हंटर, जारी किया आदेश
जिला कांग्रेस संगठन महासचिव जगदीश पाटीदार ने 8 जून को दोनों कार्यकर्ताओं के निष्कासन का आधिकारिक पत्र जारी किया था। यह बड़ी कार्रवाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के दिशा-निर्देशों और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतलाम ग्रामीण के अध्यक्ष दिलीप कुमावत की सहमति के बाद अमल में लाई गई है।
प्रशिक्षण शिविर में किया था हंगामा
सूत्रों के मुताबिक, रतलाम में आयोजित हुए जिला स्तरीय कांग्रेस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान, जहां खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मंच पर मौजूद थे, इन दोनों कार्यकर्ताओं ने नियमों को सरेआम तोड़ा था। पटवारी के सामने हुए इस दुर्व्यवहार को जिला नेतृत्व ने गंभीरता से लिया था।
सोशल मीडिया पर विपक्ष का एजेंडा
इसके अलावा, यह बात भी जांच में सामने आई कि दोनों कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से फेसबुक, एक्स और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार कांग्रेस संगठन को कमजोर करने वाली और पार्टी विरोधी पोस्ट साझा कर रहे थे। इन गतिविधियों से कांग्रेस पार्टी की छवि को गहरा धक्का लग रहा था, जिसके बाद नेतृत्व ने दोनों को तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया।










