सिवनी/ खबर डिजिटल/ राकेश यादव/ मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से बड़ी खबर सामने आई है। बंडोल थाना क्षेत्र के बंडोल गांव में एक ही रात में 12 दुकानों के ताले तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने सनसनी फैला दी। इस घटना से व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने देर रात बंडोल गांव की अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाया और 12 दुकानों के ताले तोड़ दिए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस वारदात में लाखों रुपये की चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चोरी हुए सामान और नकदी का सही आकलन अभी किया जा रहा है।
घटना के बाद प्रभावित व्यापारियों और ग्रामीणों ने बंडोल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
राहत की बात यह है कि वारदात में शामिल संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।









