"
खबर digital news रिपोर्टर /कटनी-- मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार गांव-गांव विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन कटनी जिले की जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर की तस्वीरें इन दावों की जमीनी हकीकत बयां करती नजर आ रही हैं।शाहपुर की सड़कें बारिश के बाद पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी हैं। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे रोजाना जान जोखिम में डालकर इस दलदल से गुजरने को मजबूर हैं। गांव की सड़कों की बदहाली देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो विकास यहां तक पहुंचा ही नहीं।स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। नतीजा यह है कि हर बारिश के साथ शाहपुर की सड़कें लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन जाती हैं।गांव की ये तस्वीरें कई सवाल खड़े कर रही हैं—क्या सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं? क्या विकास के दावे केवल भाषणों और विज्ञापनों तक ही सिमट गए हैं? आखिर ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा?अब निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग पर हैं। क्या शाहपुर के ग्रामीणों को कीचड़ और बदहाल सड़कों से राहत मिलेगी, या फिर विकास के दावे यूं ही सवालों के घेरे में बने रहेंगे?
कटनी से खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097









