राकेश यादव/ खबर डिजिटल/सिवनी/ मध्य प्रदेश शासन के मंशानुसार प्रदेश भर में संचालित जल शक्ति से नव भक्ति अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले रहा है। इसी कड़ी में सिवनी जिले के गोपालगंज में दिव्य शिक्षा आदर्श समिति द्वारा एक अनुकरणीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस पहल के माध्यम से न केवल हनुमान घाट का कायाकल्प किया गया, बल्कि समूचे क्षेत्र को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का कड़ा संदेश भी दिया गया।
समन्वयकों के नेतृत्व में श्रमदान
यह विशेष सफाई अभियान जिला समन्वयक सौरभ शुक्ला के कुशल नेतृत्व एवं ब्लॉक समन्वयक मोनिका चौरसिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान की खास बात यह रही कि स्वयं समन्वयकों ने हाथ में फावड़े-कुदाली थामकर श्रमदान किया। हनुमान घाट परिसर में लंबे समय से जमा पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें, पुराने कपड़े और पूजन सामग्री (माला-फूल) जैसे कचरे को बड़ी मात्रा में एकत्रित कर उसका सुरक्षित निपटान किया गया।
परिसर का सौंदर्यकरण
समिति के सदस्यों ने केवल घाट तक ही अपनी सीमाओं को सीमित नहीं रखा। हनुमान मंदिर के आसपास बेतरतीब ढंग से उगी झाड़ियों और घास-फूस की भी व्यापक सफाई की गई। इस कड़ी मेहनत का परिणाम यह रहा कि कुछ ही घंटों में पूरा मंदिर और घाट परिसर स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक स्वरूप में नजर आने लगा।
जल संरक्षण का संकल्प
अभियान के समापन पर समिति के अध्यक्ष ने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इस पुनीत कार्य में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गोपालगंज एवं शहरी-ग्रामीण विकास संस्थान सिवनी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
इनकी रही मुख्य भूमिका
कार्यक्रम की सफलता में माया भलावी, सोनी अवधिया, अंबिका साहू, पूजा राठौर, विशाल अवधिया, द्रोपति साहू, बद्री सनोदिया, गुलशन साहू, अनिकेत नागेश और राजा चंद्रवंशी सहित अनेक कर्मठ कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। इस मुहिम ने एक बार फिर जल बचाओ, जीवन बचाओ के नारे को धरातल पर चरितार्थ किया है।









