राकेश यादव, सिवनी। बंडोल थाना पुलिस ने घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन सहित कुल 5 लाख 22 हजार रुपए कीमत का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को ग्राम चोरगरठिया निवासी राजेश बघेल ने बंडोल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने समीर खान, राजकुमार डेहरिया और अजय सल्लाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की।
आरोपियों के कब्जे से चांदी की दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया और 2 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। वहीं, वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन क्रमांक MP22L1101 भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में समीर खान (22), अजय सल्लाम (23) और राजकुमार डेहरिया (18), तीनों निवासी टपरा मोहल्ला, पुरानी सब्जी मंडी, सिवनी शामिल हैं।








