Birsa Munda Jayanti: जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, बलिदान और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी, भाजपा कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता
कटनी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करने के साथ उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी कड़ी में भाजपा जिला कार्यालय कटनी में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी 'टंडन', बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह एवं प्रदेश मंत्री तथा जिला प्रभारी एकता ठाकुर ने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी 'टंडन' ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से ऐसे महानायकों के विचारों और बलिदान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जनजातीय वीरों का स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक लड़ाइयां लड़ीं। उनके त्याग और बलिदान की गाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रभक्ति की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय महापुरुषों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। गौरव सप्ताह उनके योगदान को व्यापक पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा।
प्रदेश मंत्री एवं कटनी जिला प्रभारी एकता ठाकुर ने बताया कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए लोकनृत्य, संगीत, नाट्य प्रस्तुतियों, संवाद और गौरव चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वक्ताओं ने जानकारी दी कि प्रदेश स्तर पर 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में विशेष आयोजन होंगे। वहीं कटनी जिले में पंचायत, तहसील एवं जिला स्तर पर भी सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला सह मीडिया प्रभारी मयंक गुप्ता ने किया, जबकि आभार अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह ने व्यक्त किया।








