उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बुधवार शाम नीलगंगा सिंहस्थ पड़ाव स्थल पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत श्री हरगिरि जी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महामंत्री से आशीर्वाद प्राप्त कर सिंहस्थ 2028 से संबंधित सुझाव लिए। बैठक में सिंहस्थ मेला 2028 के नीलगंगा पड़ाव स्थल पर लगने वाली छावनियों की व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
मेला अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संपूर्ण मेला क्षेत्र में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भूखंड आवंटन के साथ ही संबंधित शिविर की भोजनशाला, ड्रेनेज लाइन, वॉशरूम आदि की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके बाद महामंत्री श्रीमहंत श्री हरगिरि जी महाराज, संभागायुक्त और मेला अधिकारी ने नीलगंगा सरोवर में गंगा माता की मूर्ति का पूजन किया और उन्हें शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस दौरान साधु संत, स्थानीय पार्षद, अखाड़ा परिषद के पीआरओ गोविंद सोलंकी, राहुल कटारिया और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।









