राकेश यादव, सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में सांदीपनी विद्यालय की बाउंड्रीवॉल से सटी दुकानों और अतिक्रमण को हटाने के लिए गुरुवार, 19 नवंबर को प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की गई।
राजस्व विभाग, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम दोपहर में मौके पर पहुंची, जहां दुकान संचालकों को अपनी दुकानें और सामग्री स्वयं हटाने के निर्देश देते हुए पर्याप्त समय दिया गया।
मौके पर मौजूद छपारा तहसीलदार सौरभ मरावी ने बताया कि शैक्षणिक संस्थान के समीप हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए यह संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नगर के सौंदर्यीकरण और आवागमन को सुगम बनाने के लिए भी जल्द आवश्यक कदम उठाने की तैयारी है।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सौरभ मरावी, थाना प्रभारी खैमेंद्र कुमार जैतवार, नगर परिषद सीएमओ गीता वाल्मिक सहित राजस्व, परिषद और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।









