रीवा/ अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के त्यौंथर क्षेत्र से बड़ी खबर है, जहां क्षेत्रवासियों और अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। त्यौंथर में 831.81 लाख रुपये यानी करीब 8 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसील कार्यालय भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और त्यौंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने वैदिक मंत्रोच्चार, कन्या पूजन और शिलापट्ट का अनावरण कर नवीन भवन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, एसडीएम राकेश चौरसिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन का दावा है कि नए भवन से राजस्व संबंधी कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को एक ही परिसर में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
लंबे इंतजार के बाद मिला नया कार्यालय भवन
त्यौंथर में गुरुवार को नवीन संयुक्त एसडीएम एवं तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। 831.81 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन का लोकार्पण रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और त्यौंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं कन्या पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर भवन को जनता एवं शासकीय कार्यों के लिए समर्पित किया गया। इस भवन की लंबे समय से क्षेत्रीय नागरिकों और अधिवक्ताओं द्वारा मांग की जा रही थी।
Foreign affairs: अमेरिका में हिंदू मंदिर पर Mass Shooting से भारत चिंतित
विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने इस उपलब्धि को त्यौंथर क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की विकास नीतियों और सुशासन की प्रतिबद्धता की सराहना की। विधायक ने कहा कि आधुनिक संयुक्त कार्यालय भवन से आम नागरिकों को राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाना है। विधायक ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए त्यौंथर को विकास के मामले में अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
सांसद जनार्दन मिश्रा ने सुशासन पर दिया जोर
वहीं, सांसद जनार्दन मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सुशासन का लाभ पहुंचाना है। नए संयुक्त कार्यालय भवन के संचालन से लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। इससे आम नागरिकों का समय बचेगा और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं सुगमता बढ़ेगी। सांसद ने विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ की सक्रियता की सराहना करते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों को महत्वपूर्ण बताया।
Cm yogi: अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त जमीन का बदलेगा नाम
कलेक्टर ने बताया मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुआ आयोजन
कार्यक्रम में रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने शासन की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण शासकीय भवन का लोकार्पण गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया गया। प्रशासन का उद्देश्य शासकीय योजनाओं और सुशासन की भावना को आम जनता तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में त्यौंथर एसडीएम राकेश चौरसिया सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
एक ही परिसर में मिलेंगी राजस्व संबंधी सुविधाएं
नवनिर्मित भवन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व अमले के लिए व्यवस्थित कार्यालय एवं न्यायालय कक्ष बनाए गए हैं। साथ ही अधिवक्ताओं और दूर-दराज के गांवों से आने वाले फरियादियों के बैठने के लिए सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। विभिन्न राजस्व कार्यालयों के एक परिसर में संचालित होने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों को अपेक्षा है कि नए भवन में राजस्व प्रकरणों का निराकरण अधिक सुगमता और समयबद्ध तरीके से होगा।
Cjp: CJP के प्रदर्शन से पहले हाईकोर्ट पहुंचे कनॉट प्लेस के दुकानदार









