रीवा/ अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के रीवा जिले अंतर्गत तराई क्षेत्र के जवा थाने से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के भुनगांव में नशे में धुत्त एक युवक ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ोसी से विवाद बना काल
जानकारी के अनुसार, भुनगांव निवासी गुलाब कोल शराब के नशे में अपने पड़ोसी से विवाद कर रहा था। शोर सुनकर उसकी मां, मझली देवी, बीच-बचाव करने पहुंचीं। वह अपने बेटे और पड़ोसी को शांत रहने की समझाइश दे रही थीं। लेकिन नशे में अंधे हो चुके गुलाब को मां की नसीहत इतनी नागवार गुजरी कि उसने आपा खो दिया।
कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
विवाद के दौरान आवेश में आकर गुलाब ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी मां पर हमला कर दिया। उसने मझली देवी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत जवा पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी गुलाब कोल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे आदिवासी समाज और क्षेत्र में मातम का माहौल है।









