रीवा/ खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ मध्यप्रदेश के रीवा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) की रीवा जिला इकाई के तत्वावधान में बैकुंठपुर के समीप ग्राम जोड़ोंरी में भारतीय मानकों एवं गुणवत्ता संबंधी जागरूकता के लिए क्षेत्रीय महिलाओं की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को दैनिक उपयोग की वस्तुओं की गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम समन्वयक निशा अग्निहोत्री ने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। किसी भी व्यक्ति, सेवा या सामग्री की गुणवत्ता का निर्धारण निर्धारित मानकों के आधार पर ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जीवनोपयोगी वस्तुओं के संबंध में जागरूकता बढ़ने से लोग अधिक सुरक्षित रह सकते हैं।
कार्यशाला में फूलमती स्वसहायता समूह की पदाधिकारी पूनम नामदेव तथा प्रिया स्वसहायता समूह की पदाधिकारी सोना विश्वकर्मा के नेतृत्व में लगभग 50 महिलाओं ने भाग लिया और भारतीय मानकों की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण निशा अग्निहोत्री एवं सोशल एक्टिविस्ट डॉ. मुकेश येंगल द्वारा प्रदान किया गया।









