रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा में UGC रोलबैक की मांग को लेकर सवर्ण समाज के लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। विवेकानंद पार्क से प्रदर्शनकारियों ने सवर्ण नेताओं की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और विहर नदी तक मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से UGC से जुड़े प्रावधानों पर पुनर्विचार की मांग उठाई। देश के अन्य हिस्सों में भी इसी मुद्दे को लेकर ऐसे विरोध प्रदर्शन सामने आए हैं।
विवेकानंद पार्क में जुटे प्रदर्शनकारी प्रतीकात्मक अर्थी लेकर बीहर नदी की ओर रवाना हुए। रास्ते में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने UGC रोलबैक की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि UGC के मौजूदा प्रावधानों को लेकर उनकी आपत्तियों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रदर्शन के अंत में बीहर नदी पहुंचकर प्रतीकात्मक अर्थी का विसर्जन किया गया। प्रतीकात्मक अर्थी के जरिए किया गया यह प्रदर्शन रीवा में UGC रोलबैक को लेकर चल रही नाराजगी का एक अलग रूप रहा। अब प्रदर्शनकारियों की मांगों पर शासन की ओर से क्या रुख सामने आता है, इस पर निगाह रहेगी।









