सरकारी महकमों की चूक से जुड़ी खबरें अक्सर सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन इस बार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI की बड़ी गफलत सामने आई है. प्राधिकरण ने गलती से एक वकील के खाते में 34 करोड़ 32 लाख रुपए से अधिक की रकम भेज दी. हैरानी की बात यह रही कि दो दिन तक महकमे के अफसरों को इसकी भनक तक नहीं लगी. गनीमत यह रही कि वकील ने ईमानदारी का परिचय देते हुए खुद आगे आकर अधिकारियों को बताया और पूरा पैसा वापस कर दिया.
यह मामला इंदौर के वरिष्ठ वकील अजय बागड़िया से जुड़ा है. 7 नवंबर 2026 को उनके बैंक खाते में NEFT के जरिए 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपए आ गए. बैंक से कॉल और मैसेज आने के बाद वे खुद चौंक गए. पड़ताल करने पर साफ हुआ कि यह राशि NHAI की ओर से ट्रांसफर की गई है.
इसके बाद बागड़िया ने हरदा में NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा को फोन कर इस चूक की सूचना दी. खबर मिलते ही विभाग में खलबली मच गई. प्रोजेक्ट मैनेजर ने अपनी गलती मानी और राशि लौटाने का आग्रह किया, जिसके बाद 9 नवंबर को वकील ने पूरी रकम वापस कर दी.
जानकारी के मुताबिक, अजय बागड़िया NHAI से जुड़े मामलों में पैरवी भी करते हैं. ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि पैसा भेजते वक्त इतनी बड़ी चूक कैसे हुई. आमतौर पर NHAI में किसी भी भुगतान से पहले प्रोजेक्ट अधिकारी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर और फाइनेंस टीम कागजात व बैंक विवरण की जांच करते हैं. इसके बावजूद गलत खाते में इतनी बड़ी रकम जाना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
इस वाकये ने सरकारी विभागों की भुगतान और जांच व्यवस्था की पोल खोल दी है. अगर यह पैसा किसी ऐसे शख्स के खाते में चला जाता जो इसे लौटाने से इनकार कर देता, तो NHAI को अपना पैसा वापस लेने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ती. वकील की ईमानदारी ने विभाग को इस बड़ी मुसीबत से बचा लिया.









