भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस कांस्टेबल (ड्राइवर) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के लिए भर्ती प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1000 पदों पर पुरुष अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती में विशेष सशस्त्र बल (SAF) के 200 पद और जिला पुलिस बल के 800 पद शामिल हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 15 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
15 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
MPESB की ओर से जारी भर्ती कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर से शुरू होगी और 29 अक्टूबर तक चलेगी। आवेदन पत्र में सुधार के लिए उम्मीदवारों को 3 नवंबर 2026 तक का समय दिया जाएगा। परीक्षा 4 जनवरी 2027 से शुरू होने की संभावना है।
HMV ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी
पुलिस कांस्टेबल ड्राइवर के पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास वैध Heavy Motor Vehicle (HMV) ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवारों को भर्ती नियमों के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक मापदंडों को पूरा करना होगा।
ऐसे होगा चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में मुख्य रूप से ऑनलाइन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्ष, ट्रेड टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन शामिल होंगे। सभी चरणों में निर्धारित मापदंड पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को ही अंतिम चयन के लिए योग्य माना जाएगा।
62 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन
पुलिस कांस्टेबल (ड्राइवर) पद पर चयनित उम्मीदवारों को ₹19,500 से ₹62,000 तक का वेतनमान दिया जाएगा। इसके अलावा शासन के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
आवेदन से पहले नियम पुस्तिका जरूर पढ़ें
उम्मीदवार आवेदन करने से पहले MPESB की आधिकारिक नियम पुस्तिका में दी गई आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, HMV लाइसेंस की शर्त, शारीरिक मापदंड, आरक्षण और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें। आवेदन में किसी तरह की गलती से बचने के लिए फॉर्म भरने से पहले सभी दस्तावेज और जरूरी जानकारी तैयार रखना बेहतर होगा।









