मध्य प्रदेश में जाते-जाते भी बदरा मेहरबान
मध्य प्रदेश से मानसून भले ही धीरे-धीरे विदा हो रहा हो, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते 24 घंटों में रीवा, शहडोल और सागर संभाग के अधिकतर इलाकों में अच्छी-खासी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा चंबल और जबलपुर संभाग के भी कई जिलों में मौसम का मिज़ाज बदला रहा और पानी गिरा. मौसम विभाग की मानें तो रविवार, 27 सितंबर को भी राहत की उम्मीद कम ही है. इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अंदेशा जताया गया है.
प्रमुख शहरों और जिलों में मौसम का हाल
रविवार को राजधानी भोपाल समेत इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं रीवा, सतना, शहडोल, सिंगरौली और छतरपुर जैसे जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बना रह सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सीधी, मऊगंज, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, पन्ना, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जैसे क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की फुहारें गिर सकती हैं.
पन्ना के पवई में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बारिश
अगर बीते दिन के आंकड़ों पर नज़र डालें, तो पन्ना जिले का पवई क्षेत्र सबसे ज्यादा भीगा, जहां सुबह साढ़े आठ बजे तक 61 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा नौगांव में 58 मिलीमीटर और डिंडोरी में 39.3 मिलीमीटर पानी गिरा. पर्यटन स्थल खजुराहो में 31.8 मिमी, छतरपुर में 28.6 मिमी और पन्ना शहर में 24.2 मिमी बारिश दर्ज हुई. वहीं अनूपपुर जिले में 23.3 मिमी, जबकि अमरकंटक में 16.2 मिमी और कटनी में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश के साथ-साथ तेज आंधी का खतरा भी बना हुआ है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में आसमानी बिजली चमकने और गिरने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है.









