मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है. कई जिलों में बीते कुछ दिनों से तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है. हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में अब भी गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले चार दिनों को लेकर नया अपडेट जारी किया है और बुधवार के लिए राज्य के 42 जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
यहां बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. विभाग का अनुमान है कि इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
इस दिन होगी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 25, 26 और 27 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. कई क्षेत्रों में तेज हवाओं का असर भी देखने को मिलेगा. ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की हिदायत दी गई है. जरूरत न होने पर यात्रा टालने की भी सलाह दी गई है.
कई जगह गर्मी का भी असर
दूसरी ओर प्रदेश के कुछ जिलों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. नरसिंहपुर समेत चार जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, अशोकनगर, श्योपुर, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में भी तापमान अधिक रहने की संभावना है.
मौसम विभाग का क्या है अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रास्ते प्रदेश के अन्य हिस्सों में और तेजी से आगे बढ़ सकता है. इसके बाद कई जिलों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है.









