भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने सब इंसेक्टर (SI) और सूबेदार भर्ती परीक्षा 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया 500 पदों के लिए आयोजित की गई थी, लेकिन अंतिम चयन 436 अभ्यर्थियों का ही हो सका। महिला और कुछ आरक्षित वर्गों में पर्याप्त योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण 64 पद खाली रह गए।
संजय परमार ने किया टॉप
फाइनल मेरिट सूची में ओबीसी वर्ग के संजय परमार ने 595.98 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर मनीष पटेल और तीसरे स्थान पर शिवशंकर दुबे रहे। टॉप-10 में सबसे अधिक पांच उम्मीदवार ओबीसी वर्ग से हैं। इसके अलावा तीन उम्मीदवार ईडब्ल्यूएस और दो सामान्य वर्ग से शामिल हैं।
लिखित परीक्षा के बाद 1,692 उम्मीदवार पहुंचे अंतिम चरण तक
ESB के अनुसार लिखित परीक्षा के बाद कुल 5,113 उम्मीदवार अगले चरण के लिए पात्र पाए गए थे। इनमें से रिक्त पदों के तीन गुना यानी 1,692 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। अंतिम चयन लिखित परीक्षा, PET और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर किया गया।
64 पद खाली रह गए
भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सभी पद नहीं भर सके। महिला और कुछ आरक्षित वर्गों में पर्याप्त योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने से 64 पद रिक्त रह गए। ESB ने नियमों के अनुसार कुछ पदों का वर्गीकरण बदला, लेकिन इसके बावजूद सभी सीटों पर चयन संभव नहीं हो पाया।

यह रही कटऑफ
- सूबेदार: 571.16 अंक
- SAF सब इंस्पेक्टर: 497.27 अंक
- जिला पुलिस बल सब इंस्पेक्टर: 505.206 अंक
आगे क्या होगा?
फाइनल रिजल्ट के साथ पद और श्रेणीवार कटऑफ भी जारी कर दी गई है। चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन, मेडिकल परीक्षण और नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया पुलिस विभाग द्वारा पूरी की जाएगी। अभ्यर्थी ESB की आधिकारिक वेबसाइट से अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें..









