MP Scooty Distribution Scheme 2026: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 11 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी सौंपी और युवाओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेधावी विद्यार्थियों से भविष्य के सपनों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूटी चलाते समय सभी बच्चे यातायात नियमों का पालन करें।
मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए एमपी टॉपर खुशी राय ने बताया कि यह स्कूटी उन्हें कॉलेज आने-जाने में मदद करेगी। वे सीए की तैयारी कर रही हैं। किसान परिवार से आने वाले छात्र आकाश साहू ने बताया कि स्कूटी मिलने से काफी खुश हूं। मैं एग्रीकल्चर स्टार्टअप शुरू करना चाहता हूं। इसके लिए सभी जरूरी लाइसेंस और तैयारियां तेजी से जारी हैं।
छात्र रवि केवट और छात्रा मरियम खान दोनों ने सीए बनने की इच्छा जताई। देवेश गुप्ता ने बताया कि सांदीपनि विद्यालयों में अब अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं। मिनी जैन ने नीट परीक्षा पास कर न्यूरोसर्जन बनने की इच्छा जताई। रानी सांपले उच्च शिक्षा हासिल कर वकील बनना चाहती हैं। खुशी यादव एमबीबीएस करना चाहती हैं।
शिव कुमार कौल ने विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में आगे बढ़ने की बात कही।
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि आज शासकीय स्कूलों के 7400 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी मिल रही है। इन बच्चों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर स्कूल में टॉप किया है। बच्चों ने अपने अथक परिश्रम से अपने परिवार और समाज को गौरवान्वित किया है। यह प्रदेशभर के अन्य स्कूली बच्चों के लिए एक प्रेरणा भी है।
यह पेट्रोल और ई-स्कूटी बच्चों के भविष्य को पंख लगाएगी और उनके सपनों को पूरा करेगी। राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। स्कूल और उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों को श्रेष्ठ सुविधाएं प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव निरंतर कार्य कर रहे हैं। वे बच्चों के बीच किसी कार्यक्रम में आने और संवाद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।









