भोपाल। मध्य प्रदेश में आज यानि की 16 जून से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूल छात्रों के लिए खोल दिए गए हैं। भीषण गर्मी और लू के कारण इस बार गर्मी की छुट्टियों को बढ़ाया गया था, जिसके बाद अब कक्षा 1 से 12वीं तक के स्टूडेंट फिर से स्कूल पहुंच रहे हैं।
राज्यभर के स्कूलों में नए सत्र को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूलों में पहले दिन विद्यार्थियों के स्वागत के साथ पढ़ाई भी शुरू हो गई है।
शिक्षक पहले ही संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
शिक्षकों को 7 जून 2026 से ही स्कूलों में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। पिछले कई दिनों से शिक्षक नए सत्र की तैयारियों, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए थे। अब छात्रों के पहुंचने के साथ नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
'स्कूल चलें हम' अभियान का दूसरा चरण शुरू
स्कूल खुलने के साथ ही प्रदेश में 'स्कूल चलें हम' अभियान का दूसरा चरण भी शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 30 जून तक चलेगा। इसका उद्देश्य स्कूल से दूर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है।
छुट्टियों में कटौती नहीं होगी
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि गर्मी की छुट्टियां बढ़ाए जाने के कारण अन्य त्योहारों की छुट्टियों में कोई कटौती नहीं की जाएगी। यानी दशहरा, दीपावली और अन्य निर्धारित अवकाश पहले की तरह ही रहेंगे।
इन राज्यों में भी शुरू हुआ नया सत्र
मध्य प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी आज से स्कूल खुल गए हैं। वहीं तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गर्मी की छुट्टियां पहले ही समाप्त हो चुकी थीं और वहां स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है।
नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि इस वर्ष नामांकन और उपस्थिति में भी बढ़ोतरी होगी।
ये खबर भी पढ़िए..









