मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ने लगी हैं. सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हैं. राज्य की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिनमें से दो सीटों पर भाजपा का दावा मजबूत माना जा रहा है, जबकि एक सीट फिलहाल कांग्रेस के खाते में जाती दिखाई दे रही है. ऐसे में उम्मीदवारों के चयन को लेकर दोनों दलों के भीतर मंथन का दौर जारी है.
इस दिन तक जारी होगी उम्मीदवारों की सूची
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा इस सप्ताह अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है. भोपाल से लेकर दिल्ली तक लगातार बैठकों और विचार-विमर्श का दौर चल रहा है. पार्टी नेतृत्व संभावित नामों पर अंतिम सहमति बनाने में जुटा हुआ है. चूंकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित है, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि उम्मीदवारों की सूची उसी दिन या उससे थोड़ा पहले सार्वजनिक की जा सकती है.
कांग्रेस सावधानी से रख रही कदम
दूसरी ओर कांग्रेस भी राज्यसभा चुनाव को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है. पार्टी का मुख्य लक्ष्य अपनी मौजूदा सीट को सुरक्षित रखना है. सूत्रों की मानें तो कांग्रेस भाजपा की उम्मीदवार सूची सामने आने के बाद ही अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकती है. यही वजह है कि पार्टी फिलहाल हर राजनीतिक समीकरण पर बारीकी से नजर बनाए हुए है. राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के सामने एक और चुनौती क्रॉस वोटिंग की आशंका को लेकर भी है. पार्टी किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं दिखाई दे रही है. इसलिए विधायकों के बीच समन्वय बनाए रखने और रणनीति को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
मध्यप्रदेश विधानसभा के बारे में जानें
यदि विधानसभा के वर्तमान आंकड़ों पर नजर डालें तो मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं. राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले चुनाव में एक सीट जीतने के लिए लगभग 58 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी. कांग्रेस के पास वर्तमान में 65 विधायक हैं, हालांकि इनमें से कुछ विधायकों की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. ऐसे में पार्टी के प्रभावी विधायकों की संख्या कम हो सकती है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा तीसरी सीट को लेकर भी कोई नया दांव चल सकती है. हालांकि कांग्रेस भी पूरी सावधानी के साथ कदम बढ़ा रही है और किसी भी तरह की चूक से बचने का प्रयास कर रही है. आने वाले दिनों में उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद राज्यसभा चुनाव का मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी









