मध्यप्रदेश में होने वाले नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी इस बार नई रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है. पार्टी केवल उम्मीदवार बदलने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि स्थानीय राजनीति की पूरी कार्यशैली में बदलाव लाने की कोशिश कर रही है. भाजपा का फोकस अब ऐसे युवा और ऊर्जावान नेताओं पर है जो जनता के बीच सक्रिय हों और आधुनिक राजनीतिक माहौल को बेहतर तरीके से समझते हों.
2027 में प्रस्तावित निकाय चुनावों की तैयारी अभी से शुरू
पार्टी ने 2027 में प्रस्तावित निकाय चुनावों की तैयारी अभी से शुरू कर दी है. आमतौर पर चुनाव नजदीक आने पर टिकट वितरण को लेकर चर्चा शुरू होती थी, लेकिन इस बार भाजपा करीब एक साल पहले से संभावित उम्मीदवारों की तलाश में जुटने जा रही है. इसे संगठन की रणनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. भाजपा नेतृत्व चाहता है कि शहरी राजनीति में नए चेहरों और नई सोच को मौका मिले ताकि संगठन की पकड़ और मजबूत हो सके.
इन नेताओं को नहीं मिलेगा टिकट
सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि 60 साल से अधिक उम्र वाले नेताओं और लगातार तीन बार पार्षद रह चुके चेहरों को इस बार टिकट मिलने की संभावना कम हो सकती है. भाजपा का मानना है कि लंबे समय तक एक ही नेताओं पर निर्भर रहने से स्थानीय राजनीति में ठहराव आने लगता है. ऐसे में अब संगठन युवा नेतृत्व तैयार करने पर जोर दे रहा है.
युवा चेहरों को मिलेगा मौका
इस बार उम्मीदवार चयन में सोशल मीडिया और डिजिटल प्रभाव भी अहम भूमिका निभाने वाला है. पार्टी इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय नेताओं को प्राथमिकता देने की तैयारी में है. सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स की संख्या, जनता से ऑनलाइन संवाद और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पकड़ को भी टिकट के लिए महत्वपूर्ण माना जाएगा. भाजपा का मानना है कि आज के दौर में वही नेता ज्यादा प्रभावशाली साबित हो सकता है जिसकी मौजूदगी जमीन के साथ डिजिटल दुनिया में भी मजबूत हो. पार्टी ने संभाग और जिला प्रभारियों को भी खास जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें अपने क्षेत्रों में ऐसे युवाओं की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं जो संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय होने के साथ जनता के बीच लोकप्रिय भी हों. इन नामों को आगे बढ़ाकर भविष्य के नेतृत्व के रूप में तैयार किया जाएगा.
शहरी राजनीति का स्वरूप बदलेगा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा का यह नया प्रयोग आने वाले समय में प्रदेश की शहरी राजनीति का स्वरूप बदल सकता है. खासकर तब, जब सरकार ने निकाय अध्यक्षों और महापौरों के चुनाव फिर से प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने का फैसला लिया है. यानी अब जनता सीधे अपने प्रतिनिधि चुनेगी. ऐसे में भाजपा ऐसे उम्मीदवारों की तलाश कर रही है जिनकी पहचान केवल संगठन तक सीमित न हो, बल्कि आम मतदाताओं के बीच भी मजबूत पकड़ हो. पार्टी का नया फॉर्मूला साफ दिखाता है कि आने वाले निकाय चुनावों में अनुभव के साथ लोकप्रियता, सक्रियता और डिजिटल प्रभाव भी जीत का बड़ा आधार बनने वाले हैं.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके









