मुरैना/ शुभम कुलश्रेष्ठ/ खबर डिजिटल/ शहर में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दबंगों ने एक होटल संचालक के घर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। करीब 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलने की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा। घटना के पीछे मामूली विवाद बताया जा रहा है, जिसने कुछ ही घंटों में खूनी रंजिश का रूप ले लिया।
विवाद की जड़: होटल में चप्पल रखने पर टोकना
घटना की शुरुआत पुराने बस स्टैंड स्थित प्यारे होटल से हुई। यहां खाना खाने आए दो गुटों के बीच शराब के नशे में कहासुनी हो गई। विवाद तब बढ़ा जब एक पक्ष ने दूसरे की टेबल पर चप्पल रख दी और गाली-गलौज करने लगा। होटल संचालक दमनप्रीत सिंह ने जब बीच-बचाव कर उन्हें मर्यादित व्यवहार करने या बाहर जाने को कहा, तो आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने दमनप्रीत के साथ भी हाथापाई की, जिसे उस समय मौजूद लोगों ने शांत करा दिया।
आधी रात को घर पर हमला
होटल बंद कर जब दमनप्रीत अपने घर पहुंचे, तो रंजिश खत्म नहीं हुई थी। रात करीब 11:30 बजे आरोपी दीपू तोमर, शिवम उर्फ एक्समार्ट भदौरिया और उनके साथी हथियारों से लैस होकर दमनप्रीत के घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने वहां ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दहशत फैलाने के लिए आरोपी एक बार जाकर दोबारा लौटे और फिर से गोलियां बरसाईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग घरों में दुबक गए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए। पुलिस ने पीड़ित दमनप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।









